तूलिका ने फतह किया किलिमंजारो, उहूरू चोटी पर लहराया अमर उजाला
नई दिल्ली (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश की पहली एवरेस्ट विजेता और हाल ही में वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर पद से सेवानिवृत्ति लेकर पूरी तरह से पर्वतारोहण के नये कीर्तिमान बनाने में जुटी तूलिका रानी ने रविवार 21 फरवरी को तंजानिया स्थित अफ्रीकी महाद्वीप की सबसे ऊंचे पर्वत किलिमंजारो की चोटी फतह की। तूलिका के इस जोखिम भरे एकल अभियान को अमर उजाला फाउंडेशन ने प्रायोजित किया है।
किलिमंजारो पर्वत की उहूरू चोटी 19341 फुट की ऊंचाई पर है और एकल पहाड़ों में यह सबसे ऊंचा पहाड़ है। यह किसी पर्वतमाला का हिस्सा नहीं है। इस अभियान पर निकलने से पहले तूलिका ने अमर उजाला को बताया था कि उनका संकल्प भारत की 8000 मीटर से ऊंची सभी 14 चोटियों को फतह करने का है। ये दुनिया की सबसे खतरनाक चोटियां मानी जाती हैं।
इस जोखिम भरे सफर को पूरा करने के लिए तूलिका ने छह दिन का समय लिया जबकि, बाक़ी पर्वतारोही इसे पूरा करने में सात से आठ दिन का समय लेते हैं। उनका रास्ता भारी चट्टानों और रूह कँपा देने वाली ठण्ड ( माइनस 15 – 20 डिग्री) से होकर गुज़रा। इसे उन्होंने अपने गाइड के साथ अकेले ही तय किया।
 
						
						