‘आत्मरक्षा की सीख’ मुहिम ने पकड़ा जोर

इलाहाबाद(ब्यूरो)। अमर उजाला एवं जिला प्रशासन की ओर से छात्राओं को आत्मरक्षा की सीख देने की मुहिम आगे चल पड़ी है। मेरी वानामेकर गर्ल्स इंटर कॉलेज में बुधवार को इस अभियान को हाथों-हाथ लिया गया। पहले दिन मंगलवार को सेंट ऐंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज में भी छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने इस पहल को सराहा था। प्रशिक्षकों ने स्वयं को संयमित रखने की सीख दी।
कार्यशाला में मार्शल आर्ट प्रशिक्षक आरडी यादव, विपिन एवं सत्यनारायण ने छात्राओं को आत्मरक्षा की बारीकी सिखाई। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय आरएन विश्वकर्मा ने सलाह दी कि मार्शल आर्ट सीखने के बाद छात्राएं अपने को संयमित रख सकती हैं। जिला खेल सचिव अजय यादव ने कहा कि छात्राएं प्रशिक्षण के बाद हर स्थिति का सामना कर सकेंगी। प्रधानाचार्य शुभ्रा वाशिंगटन ने गर्ल्स कॉलेजों में मार्शल आर्ट की शिक्षा के लिए सरकारी आदेश जारी करने की मांग की। संचालन भावना मोजेस एवं संयोजन सिलबिया शुक्ला ने किया। सवाल जवाब करने वाली छात्राओं में ज्योति, गोल्डी गौर, मनु त्रिपाठी, आकृति गौतम, स्वाति गुप्ता, मृणाल मिश्रा, शालिनी, जिक्रा,ज्योति, फिजा, श्रद्घा मिश्रा शामिल रहीं।